फांसी के फंदे पर झूल रही थी महिला, 6 मिनट में पुलिस ने बचा ली जान

सोमवार देर शाम कालसी थानाध्यक्ष अशोक राठौड़ को सूचना मिली कि ग्राम खादर कालसी के घर में महिला ने कमरे में फांसी के फंदे में झूलने की मंशा से खुद को बंद कर दिया है।

जानकारी मुताबिक़, कालसी थाना पुलिस ने सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए फांसी के फंदे पर झूलती महिला को बचाया। इस दौरान कालसी पुलिस 6 मिनट में 4 किमी का रास्ता पार कर महिला के पास पहुंची। घटना के मुताबिक, महिला ने गृह क्लेश के कारण फांसी लगाने का कदम उठाया था। वहीं, पुलिस जैसे ही घर पहुंची तो देखा कि कमरा अंदर से बंद है। ऐसे में पुलिस ने खिड़की की जाली तोड़ अंदर दाखिल होकर पंखे पर दुपट्टे के सहारे झूलती महिला को बचाया।

पुलिसकर्मियों ने महिला की जांच की, जहां महिला की सांसें चल रही थी। इसके बाद पुलिस ने तुरंत अपनी ही गाड़ी से महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कालसी पहुंचाया, जहां महिला का इलाज चल रहा है। कालसी थानाध्यक्ष अशोक राठौड़ का कहना है कि यदि थोड़ी देर हो जाती तो महिला की मौत हो सकती थी।