BJP की नई टीम: बीजेपी IT सेल हेड अमित मालवीय की छुट्टी…दो मुस्लिम चेहरों को मिली जगह, जानें बड़ी बातें
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान हो गया है। इस नई टीम में बदलाव देखने को मिला है। करीब 11 साल से बीजेपी आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को पद से हटा दिया गया है। छत्तीसगढ़ के दीपक महस्के कोसोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अनिल बलूनी को मीडिया संयोजक बनाया गया है. आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है. दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है. प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को सोशल मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है.
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के आईटी सेल से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय ने X पर नई टीम को बधाई दी है। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी नियुक्तियां ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई हैं, जब पार्टी नई ऊंचाइयों को छूने और अपने संदेश व संगठन को देश के हर कोने तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है। अमित मालवीय ने खास तौर पर दीपक म्हस्के को बधाई दी, जो उनके बाद BJP के सोशल मीडिया विभाग की कमान संभालेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया विभाग के सह-संयोजक प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को भी शुभकामनाएं दीं।
सबसे ज्यादा जिन दो नामों की चर्चा हो रही है, वो मुस्लिम चेहरे हैं, जिसे टीम नवीन में जगह दी गई है। नई टीम में प्रो. तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है। बड़ी बात यह है कि ये दोनों ही नेता उत्तर प्रदेश से आते हैं।
