Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की चेतावनी: ‘जो देश यूक्रेन पर नो फ्लाई ज़ोन की मांग करेगा, हम युद्ध में उसे दुश्मन मानेंगे’

यूक्रेन पर रूस के हमले का आज दसवां दिन है। इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी भरे लहजे में बयान जारी किया है कि जो कोई भी देश रूसी सैनिकों के जीवन के लिए खतरा पैदा करेगा उसे हम इस जंग में अपना दुश्मन समझेंगे।
साथ ही पुतिन ने यह भी कहा कि- जो देश यूक्रेन पर नो-फ्लाई ज़ोन लागू करने की मांग करता है, उसे मास्को द्वारा इस सशस्त्र संघर्ष में शामिल माना जाएगा।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक एअरोफ़्लोत प्रशिक्षण केंद्र में महिला उड़ान परिचारकों के एक समूह से बात करते हुए दिए गए इस बयान में राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी कहा कि रूस पर पश्चिमी देशों की तरफ से लगाए गए प्रतिबंध युद्ध की घोषणा के समान थे।
पुतिन ने दोहराया कि यूक्रेन में उनका उद्देश्य “विसैन्यीकरण और डी-नाज़िफिकेशन” के माध्यम से रूसी भाषी समुदायों की रक्षा करना है। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने इसे 24 फरवरी को शुरू किए गए आक्रमण के लिए एक निराधार बहाने के रूप में खारिज कर दिया है और मास्को को अलग-थलग करने के उद्देश्य से व्यापक प्रतिबंध लगाए हैं।