कोटद्वार: सुखरो पुल पर लटका मिला वृद्ध का शव, मचा हड़कंप

कोटद्वार: सिमलचौड़ स्थित सुखरो पुल की रेलिंग पर एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
प्राप्त जानकारी मुताबिक, उपनिरीक्षक नवीन पुरोहित ने बताया कि बुधवार रात को पुलिस को सिमलचौड़ से एक वृद्ध के लापता होने की सूचना मिली थी। खोज की तो वृद्ध का शव सुुखरो पुल की रेलिंग पर रस्सी के सहारे लटका मिला। परिजनों ने पूछताछ में बताया कि सिमलचौड़ निवासी सुरेंद्र लाल (70) पुत्र बच्चीराम कुछ दिनों से अवसाद में थे। बुधवार शाम करीब सात बजे वह सिमलचौड़ स्थित घर से निकल गए थे। जब वृद्ध घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी खोज शुरू कर दी। रात करीब 12 बजे उन्होंने वृद्ध के लापता होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को वृद्ध के मोबाइल से उसकी लोकेशन मिली। मौके पर पहुंचे तो शव लटका मिला। उपनिरीक्षक ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।