दुःखदः चैत की चैत्वाली को संगीत देने वाले फेमस म्यूजिक डायरेक्टर गुंजन का 26 साल में निधन

देहरादून, ब्यूरो। उत्तराखंड के उभरते हुए प्रसिद्ध म्यूजिक डायरेक्टर गुंजन डंगवाल 26 साल की उम्र में ही अचानक इस दुनिया को अलविदा कर गए हैं। एक ऐसी दुःखद खबर सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार गुंजन डंगवाल अपने निजी काम से चंडीगढ़ गए थे। चंडीगढ़ के पंचकूला में एक भीषण सड़क हादसे में उनकी दर्दनाक मौत की खबर है। ‘चैत की चैत्वाली’ गीत को संगीत देने वाले गुंजन सदा के लिए शांत हो चुके हैं। उनके निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है।

बता दें कि गुंजन डंगवाल का जन्म 4 सितंबर 1996 को टिहरी गढ़वाल के अखोडी गावं में कैलाश डंगवाल के घर में हुआ था। गुंजन के पिता कैलाश डंगवाल शिक्षक हैं और माता सुनीता डंगवाल भी शिक्षिका हैं। गुंजन का एक छोटा भाई श्रीजन डंगवाल है वह भी फिल्म निर्देशक के तौर पर काम कर रहा है। जानकारी के अनुसार गुंजन की प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा नई टिहरी से ही हुई और हाईस्कूल की परीक्षा नई टिहरी के कान्वेंट स्कूल से पास करने के बाद इंटरमीडिएट दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से गुंजन डंगवाल ने किया था। पेशेवर संगीतकार बनने से पहले गुंजन डंगवाल ने गोविन्द बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी से इलेक्ट्रिकल से बीटेक भी किया है साथ ही संगीत विषारद की डिग्री भी हासिल की है।

उनके निधन पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, मीना राणा, जागर सम्राट प्रीतम सिंह भरत्वाण, प्रसिद्ध युवा गायक सौरभ मैठाणी, गजेंद्र राणा, रोहित चैहान समेत सभी गढ़वाली संगीत जगत से जुड़े कलाकारों, गायकों और म्यूजिक निर्देशकों ने दुःख जताया है। उनके निधन का समाचार सुनकर हर कोई दुःख में है और विश्वास करने के लिए तैयार नहीं कि वाकई में उनका निधन हुआ है