उत्तरांचल विवि की छात्राओं ने हिमवीरों को बांधी राखी, बहनों के संदेश पढ़कर भावुक हुए आईटीबीपी अफसर

उत्तरांचल विश्वविधायलय की लॉ कॉलेज की छात्राओं ने राखी के पावन पर्व पर न सिर्फ आईटीबीपी के हिमवीरों को सलाम किया, बल्कि रक्षा बंधन के पावन पर्व को उनके संग मनाया। इस दौरान सीमा पर डटे हिमवीरों के लिए राखी के रूप में बहनों का प्यार भी भेजा गया और उनकी सलामती की कामना की गई।
रक्षा बंधन के पर्व को हिमवीरों के साथ मनाने के लिए उत्तरांचल विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज ने प्रोजेक्ट रक्षक का आह्वान किया था। कालेज की प्राचार्य प्रो. पूनम रावत के मुताबिक इसी कार्यक्रम के तहत छात्राएं सीमाद्वार स्थित आईटीबीपी मुख्यालय में रक्षा बंधन का त्योहार मनाने पहुंचीं।
विश्वविद्यालय की संचालक समिति की उपाध्यक्ष अनुराधा जोशी व विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष अंकिता जोशी सहित बड़ी संख्या में शिक्षिकाओं व छात्राओं ने राखियां और संदेश एकत्र किए। ताकि इन्हें देश की सीमा की रक्षा कर रहे आईटीबीपी के जवानों को भेजा जा सके।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रो. राजेश बहुगुणा ने रोट्रेक्ट क्लब के अध्यक्ष अमित चौधरी के नेतृव्य में 28 छात्राओं की एक टोली को आईटीबीपी मुख्यालय के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट रक्षक से जुड़कर इन लड़कियों ने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।